हाल ही में शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) से एकनाथ शिंदे की शिवसेना में गए एक सांसद संजय पाटिल ने पहले पत्रकारों से गालीगलौज किया और बाद में माफी मांगी।
गुरुवार, 25 जून को सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में पाटिल टीवी पत्रकारों से गालीगलौज करते दिखे। पाटिल उन छह सांसदों में शामिल हैं जिन्होंने ठाकरे को छोड़ शिंदे का दामन थामा है।
पत्रकार इसी संदर्भ में सवाल पूछ रहे थे और उनके अनुसार जब सांसद से उनकी बेटी, जो पार्षद हैं, के उद्धव गुट के साथ होने के संदर्भ में रिपोर्टों पर सवाल पूछा गया तो वह भड़क गए।
पाटिल ने पत्रकारों से गालीगलौज और धमकाने वाली भाषा में बात की। पाटिल को वीडियो में यह कहते देखा जा सकता है: “रिकॉर्ड करो, आयुक्त से शिकायत करो। मैंने बहुत बर्दाश्त कर लिया। बर्दाश्त की भी सीमा होती है। अगली बार आए तो मार खाओगे।”
पाटिल के व्यवहार पर विपक्ष और मुंबई प्रेस क्लब समेत पत्रकार संगठनों की कड़ी प्रतिक्रिया के बाद उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि उन्होंने पाटिल से बात की है और स्पष्ट किया है कि जनप्रतिनिधि पत्रकारों से ऐसी भाषा में बात नहीं कर सकते।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पाटिल से अफसोस व्यक्त करने को कहा है।
बाद में पाटिल ने एक वीडियो जारी कर पत्रकार समुदाय से माफी मांगी। उन्होंने इस वीडियो में कहा कि वह मामले में परिवार को घसीटने, परिजनों पर आरोप लगाये जाने पर भड़के थे।
इधर, महाराष्ट्र की राजनीति फिर गरमाई हुई है। उद्धव ठाकरे गुट के छह सांसद शिंदे सेना में शामिल हो गए हैं। उद्धव गुट के कार्यकर्ता इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और नेता इन सांसदों को इस्तीफा देकर चुनाव लड़ने की चुनौती दे रहे हैं।
(जनचौक ब्यूरो)