पत्रकार राम चंदर छत्रपति की हत्या के मामले में राम रहीम बरी

पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को पत्रकार राम चंदर छत्रपति की हत्या के मामले में बरी कर दिया है।

डेरा के वकील जितेंद्र खुराना ने शनिवार को बताया कि हाईकोर्ट ने राम रहीम को इस मामले में दोषमुक्त घोषित कर दिया है।

इस फैसले के बाद भी राम रहीम अभी जेल में ही रहेगा वह दो साध्वियों के बलात्कार के मामले में भी सजा काट रहा है।

पत्रकार राम चंदर छत्रपति की 2002 में हत्या हुई थी।

छत्रपति की हत्या के मामले में कुलदीप सिंह, निर्मल सिंह और कृष्ण लाल को भी सीबीआई की विशेष अदालत ने जनवरी 2019 में सुनाए फैसले में दोषी ठहराया था। उनकी सजा बरकरार रहेगी। उन्हें उम्रकैद की सजा मिल चुकी है। राम रहीम ने इस फैसले को पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में चुनौती दी थी। अपील पर सुनवाई के बाद कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। हाई कोर्ट ने इस मामले में डेरा प्रमुख को उसके खिलाफ पर्याप्त सबूत न होने के आधार पर बरी करने का आदेश दिया है।

सिरसा के छत्रपति “पूरा सच” नामक अखबार चलाते थे जिसमें उन्होंने डेरे में साध्वियों के यौन शोषण के आरोपों से जुड़ी एक गुमनाम चिठ्ठी से संबंधित खबरें दी थीं। छत्रपति को अक्तूबर 2002 में उन्हें उनके घर के बाहर गोली मारी गई थी। 21 नवंबर 2002 को उनकी मौत हो गई।

(जेपी सिंह वरिष्ठ पत्रकार हैं और कानूनी मामलों के जानकार हैं।)

Leave a Reply