भाकपा-माले के पूर्व महासचिव विनोद मिश्रा के 24 वें स्मृति दिवस पर संकल्प सभा का पटना में आयोजन

पटना। भाकपा माले के पूर्व महासचिव कामरेड विनोद मिश्रा के 24वें स्मृति दिवस पर आज पूरे राज्य में संकल्प सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर केंद्रीय कमेटी की ओर से जारी संकल्प पत्र का पाठ किया गया और उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

राजधानी पटना में राज्य कार्यालय के अलावा जक्कनपुर, कंकड़बाग, दीघा, आशियाना नगर, पटना सिटी आदि जगहों पर संकल्प सभा का आयोजन किया गया और कॉ. विनोद मिश्र के सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया गया।

राज्य कार्यालय में आयोजित संकल्प सभा को संबोधित करते हुए राज्य सचिव कुणाल ने कहा कि विनोद मिश्र ने भारत में भाजपा-आरएसएस मार्का फासीवाद के खतरे को सबसे पहले समझा था और हमारी पार्टी उसी समय से इसके खिलाफ लगातार लड़ रही है। आज जब देश में यह खतरा वास्तविक खतरे के रूप में हमारे सामने है, लोकतंत्र-संविधान पर लगातार हमला हो रहा है, ऐसे में कॉ. विनोद मिश्र के रास्ते ही आगे बढ़कर संघ ब्रिगेड के मंसूबों को ध्वस्त किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि 16-20 फरवरी, 2023 को विनोद मिश्र नगर (पटना) में पार्टी के 11वें महाधिवेशन एवं 15 फरवरी, 2023 को होने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ, देश बचाओ’ रैली को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का संकल्प लेते हैं और उनके मिशन को पूरा करने के प्रति हम स्वयं को पुर्नसमर्पित करते हैं। उन्होंने पार्टी व पार्टी के जनसंगठनों की सदस्यता को बढ़ाने का आह्वान किया।

मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता केडी यादव ने कहा कि कामरेड वीएम का सपना था कि सत्ता सही अर्थों में जनता के हाथ में हो और प्रत्येक नागरिक पूरी तरह आजाद हों। उन्होंने एक ऐसे भारत का सपना देखा था जिसमें एकता का आधार विविधता के सम्मान में हो जहां मतभिन्नतायें नफरत भड़काने और जनता को बांटने के लिए इस्तेमाल न हों, जहां लोकतंत्र की ताकत असहमति का सम्मान और आपसी संवाद में हो। उन्होंने ऐसे भारत का सपना देखा था जिसमें धर्म और राजनीति का घालमेल बिल्कुल न हो और राजनीति गैरबराबरी, उत्पीड़न और शोषण पर आधारित समाज व्यवस्था के विरुद्ध सामाजिक परिवर्तन का औजार बने।

नेता विधायक दल महबूब आलम ने कहा कि हमें विनोद मिश्रा के रास्ते आगे बढ़ते हुए अदम्य साहस, शक्ति और परिपक्वता के साथ सच्चे लोकतंत्र एवं सभी प्रकार की विषमताओं से आजादी की लड़ाई को आगे बढ़ाने वाली एक बड़ी, ताकतवर और जीवंत कम्युनिस्ट पार्टी के रूप में आगे बढ़ना होगा। 

आज के कार्यक्रम में उपर्युक्त वक्ताओं के अलावा पोलित ब्यूरो के सदस्य अमर, सरोज चौबे, अभ्युदय, वीरेन्द्र प्रसाद गुप्ता, सत्यदेव राम, मनोज मंजिल, महानंद सिंह, अमरजीत कुशवाहा, प्रकाश कुमार, प्रदीप झा, संतलाल, मनमोहन आदि सहित कई लोग उपस्थित थे। आज के संकल्प सभा का संचालन पार्टी के वरिष्ठ नेता आरएन ठाकुर ने किया।

(प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित।)

Leave a Reply