बिहार विधान परिषद के 2026 के चुनाव में भाकपा माले ने दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार मदन मोहन झा और तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सीपीआई उम्मीदवार संजय कुमार को समर्थन देने की घोषणा की है। पार्टी ने अन्य सीटों पर भी एनडीए उम्मीदवारों को हराने की अपील की है। यह जानकारी भाकपा माले के राज्य सचिव कुणाल ने दी।
भाकपा माले के राज्य सचिव कुणाल ने कहा कि बिहार विधान परिषद चुनाव में पार्टी दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रही है। पार्टी की ओर से चर्चित छात्र नेता संदीप चौधरी उम्मीदवार हैं। इसके अलावा, इंडिया गठबंधन की सहयोगी पार्टियों की पहले से जीती हुई सीटों पर गठबंधन के उम्मीदवारों को समर्थन देने का निर्णय लिया गया है।दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार डॉ. मदन मोहन झा और तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सीपीआई उम्मीदवार संजय कुमार सिंह को समर्थन भाकपा– माले ने दिया है।
कुणाल ने कहा कि आज देश और बिहार के सामने संविधान, लोकतंत्र तथा जनता के अधिकारों की रक्षा एक महत्वपूर्ण सवाल है। भाजपा की राजनीति ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता, चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता और विपक्ष की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। बिहार में वोट चोरी के आरोपों और सरकारी संस्थाओं के दुरुपयोग को लेकर उठे सवालों के बीच लोकतांत्रिक जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि बिहार में गरीबों, दलितों, पिछड़ों और वंचित तबकों के अधिकारों पर लगातार हमले हो रहे हैं। गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाने, जमीन से बेदखली और आजीविका के संकट जैसे सवालों पर सरकार निष्क्रिय है बल्कि उल्टा गरीबों पर जुल्म ढा रही है। लोकतंत्र का अर्थ केवल चुनाव कराना नहीं, बल्कि जनता के संवैधानिक अधिकारों, असहमति की आवाज और सामाजिक न्याय की रक्षा करना भी है।
उन्होंने कहा कि भाकपा माले दरभंगा स्नातक सीट पर अपने उम्मीदवार संदीप चौधरी के साथ चुनाव मैदान में है, जबकि दरभंगा शिक्षक सीट पर कांग्रेस और तिरहुत स्नातक सीट पर सीपीआई उम्मीदवार को समर्थन दे रही है। अन्य सीटों पर पार्टी ने एनडीए उम्मीदवारों को हराने की अपील की है।
कुणाल ने मतदाताओं से संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और जनता के अधिकारों के सवालों को केंद्र में रखकर चुनाव में अपनी भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनहित के मुद्दों को मजबूत करने के लिए भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए की शिकस्त देने की जरूरत है।
(विशद कुमार वरिष्ठ पत्रकार हैं।)